शाजापुर में भादौ सुदी नवमी मंगलवार को गोगा नवमी धूमधाम से मनाई गई। गोगादेवजी की छड़ियों का चल समारोह शहर में गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। मंगलवार देर शाम यह चल समारोह प्रारंभ हुआ, जो प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दाैरान चल समारोह में शामिल युवाओं ने एक से बढ़कर एक करतब भी दिखाए। शहर में जगह-जगह विभिन्न समाज, संगठन और लोगों ने छड़ियों का पूजन किया। शहर के आजाद चाैक में देर रात आयोजन हुआ। वाल्मिक समाज के वरिष्टजनों का स्वागत सम्मान किया गया।
गोगा नवमी पर वाल्मीकि समाज पवित्र छड़ी का चल समारोह निकालता है। समाजजनों ने चल समारोह प्रारंभ करने के पहले छड़ी की विधिवत पूजा की। इसके बाद चल समारोह धूमधाम से प्रारंभ हुआ। चल समारोह में बड़ी संख्या में गोगादेव जी की छड़ियां शामिल रहीं। चल समारोह में प्रमुख रूप से दायरा, धानमंडी, मगरिया, महूपुरा, लाल खिड़की, सपरीपुरा की पवित्र छड़ियां शामिल रहीं आयोजकों ने छड़ियाें का आकर्षक शृंगार किया था। विद्युत सजावट और मोर पंख से डेकोरेशन आकर्षण का केंद्र रहा। चल समारोह में भक्त और मंडल समिति के लोग नंगे पैर छड़ियों को कमर से बंधे पट्टे और हाथों से उठाकर लेकर चले। चल समारोह के बाद नदी पर पूजन कर छड़ियां विसर्जित कर दी गई।