शाजापुर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पानी के तेज बहाव के बीच एक मोटरसाइकिल चालक को बचाने की कवायद करते हुए कुछ लोग नजर आ रहे हैं। शुक्रवार रात से शाजापुर क्षेत्र में भारी वर्षा हो रही है, जिसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं।
जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित ग्राम टुकराना में एक पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा था। इसी पुलिया को एक मोटरसाइकिल चालक ने पार करने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। मोटरसाइकिल बहने की नौबत आ गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और दौड़कर चालक की सहायता की। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने मोटरसाइकिल और चालक दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। अगर ग्रामीण समय पर सहायता नहीं पहुंचाते, तो यह हादसा गंभीर हो सकता था। यह वीडियो ग्राम टुकराना के ग्रामीणों द्वारा ही बनाया गया है और शनिवार का बताया जा रहा है। इस घटना ने सभी को सतर्क रहने का संदेश दिया है, खासकर पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में।