जामनगर गुजरात से दतिया जा रही बस शाजापुर जिले में ग्राम पनवाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 पर दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और बस में सवार करीब 24 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर लाया गया है। मौके पर सुनेरा थाना टीआई भीम सिंह पटेल टीम के साथ मौजूद है। घायलों का जिला अस्पताल शाजापुर में उपचार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- गरबों में एंट्री से कपड़ों तक बजरंग दल की गाइडलाइन, मुस्लिम महिला पार्षद का वीडियो भी आया सामने
जानकारी के अनुसार दुर्घटना रविवार तड़के करीब 4:00 बजे हुई। घायलों को 108 एम्बुलेंस ईएमटी राम सिंह मेवाडा, पायलट रितेश मालवीय के साथ ही अन्य एंबुलेंस के स्टाफ ने अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी लगने पर वरिष्ठ अधिकारी भी शाजापुर से घटनास्थल पर पहुंचे हैं और पुलिस की ओर से मामले की हड़ताल की जा रही है। घायलों में बच्चे व महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल भी रहा। यात्रियों का कहना है कि चालक ने शराब पी रखी थी। बस लहरा कर चल रही थी। यात्रियों ने चालक को बस धीरे चलाने के लिए भी बोला था, लेकिन वह नहीं माना। बस में क्षमता से अधिक सवारी सवार थी।
ये भी पढ़ें- एम्स की बड़ी उपलब्धि, मात्र 30 मिनट में स्टेंट से बंद किया दिल का छेद, नहीं लगाना पड़ा बड़ा चीरा
मौके पर लग गई भीड़, लोगों ने की मदद
हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी लोगों की भीड़ लग गई। इनमें से कई लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचवाया। इधर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से हादसे में क्षतिग्रस्त बस को रोड पर से हटाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात का व्यवस्थित संचालन हो सका। दुर्घटना के कारण करीब एक घंटे तक हाइवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। हादसे की जानकारी लगने पर शाजापुर से यातायात थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। वहीं 108 एंबुलेंस टीम भी सक्रिय हो गई थी।