सागर जिले में मंगलवार को हुई दिनभर की बारिश के कारण जिले की नदियां और नाले उफान पर आ गए। इस बीच शहर की वेवस नदी के किनारे बने टापू पर पिकनिक मनाने गए पांच लोग अचानक नदी में आई बाढ़ के पानी में फंस गए, जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला।
बंडा थाना अंतर्गत ग्राम चौका में मंगलवार की रात नदी के तेज बहाव में एक महिला और एक बच्चे सहित पांच व्यक्ति टापू पर फंस गए। इसकी सूचना सागर एसडीआरएफ टीम को दी गई। सागर से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने नाव के सहारे सभी को सफल रेस्क्यू किया।
जानकारी के मुताबिक, चौका गांव के तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्चा नदी के पास स्थित टापू पर पिकनिक मनाने गए थे। उस समय नदी में पानी कम था। जब ये लोग जा रहे थे, तब उन्हें होमगार्ड सैनिक ने रोका भी था, लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं सुनी। नदी के ऊपरी क्षेत्र में हुई बारिश के कारण पानी बढ़ने लगा और ये सभी बाढ़ के पानी में घिर गए। जब इसकी सूचना बंडा पुलिस को मिली, तो उन्होंने सागर से एसडीआरएफ टीम को सूचित किया।
पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने तीन घंटे के प्रयास के बाद सभी को सुरक्षित निकालने में सफलता पाई और रात में रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।