फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sagar News: ट्रेन आने से ठीक पहले रेलवे ट्रैक पर फंसा लोडेड ट्रक, QRF जवानों ने धक्का देकर टाल दिया बड़ा हादसा

Mon, 10 Aug 2026 09:33 PM IST
सागर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर

सागर जिले में पुलिस जवानों की सूझबूझ और अदम्य साहस से एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास माल से लदा एक ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच बंद हो गया। इसी बीच ट्रैक पर ट्रेन आने की आहट से वहां हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद विशेष सशस्त्र बल (QRF) के जवानों ने बिना एक पल गंवाए भारी-भरकम ट्रक को धक्का देकर सुरक्षित दूरी पर पहुंचा दिया।

बांदकपुर ड्यूटी के लिए जा रहे थे जवान
मिली जानकारी के अनुसार, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (सागर) की क्यूआरएफ (QRF) कंपनी दमोह जिले के प्रसिद्ध बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के लिए रवाना हो रही थी। जब जवानों की गाड़ी मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास पहुंची, तो वहां माल से लदा एक भारी ट्रक रेलवे ट्रैक के बिल्कुल बीचों-बीच खड़ा मिला। चालक ने ट्रक चालू करने की काफी कोशिश की, लेकिन गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई। दूसरी तरफ, ट्रैक पर ट्रेन के आने का समय हो चुका था।

ये भी पढ़ें- भारी बारिश और उफनते नालों के बीच एसडीईआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन, 98 लोगों को सुरक्षित निकाला

एक साथ मिलकर लगाया जोर, ट्रैक हुआ साफ
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए QRF जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला। ट्रक पूरी तरह सामान से भरा हुआ था, जिससे उसे हटाना आसान नहीं था। जवानों ने एकजुट होकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी और ट्रक को धक्का देना शुरू किया। देखते ही देखते जवानों की त्वरित कार्रवाई से ट्रक को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित दूरी पर कर दिया गया। इसके कुछ ही देर बाद वहां से ट्रेन सुरक्षित गुजर गई।

भावुक हुआ ट्रक चालक
हादसा टलने के बाद ट्रक चालक काफी भावुक हो गया। उसने जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर पुलिस के जवान समय पर मदद के लिए आगे न आते, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। जवानों ने भी चालक को ढांढस बंधाया और सुरक्षित वाहन चलाने की सलाह दी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने की तारीफ
क्यूआरएफ जवानों द्वारा दिखाई गई इस तत्परता और मानवीय संवेदना की वरिष्ठ अधिकारियों ने जमकर सराहना की है। एसपी/सेनानी अनुराग सुजानिया और अन्य पुलिस अधिकारियों ने जवानों की हौसला-अफजाई करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह सजगता और संवेदनशीलता से अपनी सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया।   जवानों ने धक्का लगाकर टाला हादसा

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें