एक शख्स भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा पर निकला है। भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत पंजाब के हर भगवान सिंह जो पंजाब स्वास्थ्य विभाग में टीबी लैब सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ हैं, कश्मीर से कन्याकुमारी तक की साइकिल यात्रा पर निकले हैं। यात्रा करते हुए हर भगवान सिंह रविवार को सागर जिले के देवरी कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां पर उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
हर भगवान सिंह पंजाब सरकार से स्वीकृति लेकर भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा कर लोगों को जागरुक कर रहे हैं। उनकी यह यात्रा तीन नवंबर को कश्मीर से शुरू होकर 31 दिसंबर को कन्याकुमारी में समाप्त होगी।
हर भगवान सिंह ने बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए यह यात्रा कर रहे हैं। रास्ते में जो लोग मिलते हैं, उन्हें वह जागरुक करते हैं। उन्होंने बताया कि यदि व्यक्ति को दो हफ्ते तक लगातार खांसी आए तो डॉक्टर को तुरंत दिखाएं और छह महीने तक लगातार इलाज लें, जिससे टीबी जैसे रोग से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने बताया की वह प्रतिदिन 110 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं तथा टीबी रोग के प्रति रास्ते में पड़ने वाले गांव कस्बों में लोगों को इसके बारे में जागरुक करते हैं।