सागर जिले के खुरई विकासखंड के मुकारमपुर गांव में एक अजीबोगरीब घटना देखने को मिली जब किसान जाहर सिंह ठाकुर के खेत में स्थित बोरवेल से अचानक 40 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा फूट पड़ा। इस घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पानी के साथ बड़े-बड़े पत्थर भी ऊपर की ओर निकलने लगे, जिससे वहां मौजूद किसान अपनी जान बचाकर भाग गए। करीब 20 मिनट तक यह स्थिति बनी रही, जिसके बाद धीरे-धीरे पानी का प्रेशर कम हुआ और बोरवेल से पानी का निकलना बंद हो गया।
बताया जा रहा है कि पिछले साल जून में यह बोरवेल कराया गया था और इसमें पानी भी अच्छा निकल रहा था। हाल ही में 15 दिन पहले किसान जाहर ने सिंचाई के लिए मोटर डालकर पानी खींचना शुरू किया था। पहले उन्होंने 50 फीट पर मोटर डाली थी, लेकिन पर्याप्त पानी न आने पर रविवार को उसे 125 फीट की गहराई तक उतार दिया। जब वे मोटर का निरीक्षण कर रहे थे, तभी अचानक बोरवेल से जोरदार फव्वारा फूट पड़ा। पानी निकलने का यह अजीब नजारा देख गांववाले भी हैरान रह गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना के बारे में डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में भूगर्भशास्त्र के प्रो. डॉ. पीके कठल ने बताया कि ड्रिलिंग के दौरान पत्थर फंसे रह गए होंगे, जो प्रेशर पड़ने पर पानी के साथ बाहर आ गए। उनका मानना है कि इस तरह की घटना शायद फिर नहीं होगी।