रीवा के समान थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक का वर्दी में ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में होने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में वह ड्यूटी टाइम में लड़खड़ाते हुए घूमता नजर आ रहा है। मामला तूल पकड़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के निर्देश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार समान थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक गणेश साकेत एक होटल पर खाना लेने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह असामान्य स्थिति में दिखाई दे रहा था और उसके कदम लड़खड़ा रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
ये भी पढ़ें: Indore: अमोनिया गैस ने मचाई थी इंदौर की रावजी बाजार बस्ती में अफरा-तफरी, पांच लोगों को किया भर्ती
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वर्दी में ड्यूटी के दौरान नशे में होने का आरोप गंभीर माना जा रहा है। साथ ही यह भी चर्चा में है कि ऐसे मामलों में तत्काल मेडिकल परीक्षण क्यों नहीं कराया गया। रीवा के सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।