खौफ के साए में रोजाना नेशनल हाईवे पार कर स्कूल पहुंचने वाली एक छात्रा ने अपने हौसले और मेहनत से ऐसी मिसाल कायम की है, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है। त्यौंथर तहसील के ग्राम चंदई की रहने वाली छात्रा आर्या मिश्रा ने हाईस्कूल परीक्षा में 490 अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 10वां स्थान हासिल किया है।
बघेड़ी (चाकघाट) की इस मेधावी छात्रा का सफर आसान नहीं रहा। रोज़ाना करीब 5 किलोमीटर का रास्ता साइकिल से तय कर, वह नेशनल हाईवे-30 पार कर स्कूल पहुंचती थी। इस दौरान हर दिन डर का सामना करना पड़ता था, लेकिन पढ़ाई के प्रति जुनून ने उनके कदम कभी डगमगाने नहीं दिए।
ये भी पढ़ें- प्रदेश की मैरिट में रतलाम का जलवा, चार विद्यार्थियों ने बारहवीं व दो ने दसवीं में स्थान बनाया
आर्या बताती हैं कि उन्होंने अपनी सफलता के लिए रोजाना 8 से 10 घंटे तक नियमित अध्ययन किया और मोबाइल से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा और कठिन परिस्थितियों को अपनी ताकत बना लिया। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में आर्या की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे त्यौंथर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। विद्यालय परिवार ने भी छात्रा की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।