मध्यप्रदेश के राजगढ़ से ताल्लुक रखने वाले आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष व पूर्व सैनिक दिनेश चंद्रवंशी ने भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है। साथ ही कहा कि सेना का कोई भी जवान सेना और उसके अधिकारियों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें- कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए बयान पर हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, मंत्री विजय शाह पर FIR दर्ज करने के निर्देश
बता दें हाल ही में इंदौर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंत्री अपने बड़बोलेपन में कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी कर गए। उन्होंने अपने बयान में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तानियों को पाकिस्तान में उन्हीं की बहन को भेजकर सबक सिखाया गया है। उनके इस बयान के बाद से देश के अलग-अलग हिस्से से मंत्री विजय शाह के खिलाफ विरोध के स्वर गूंजने लगे और उनके इस्तीफे सहित उनकी बर्खास्तगी की मांग की जाने लगी। हालांकि विवाद बढ़ता देख उन्होंने अपने बयान से पलटी मारते हुए माफी भी मांगी, लेकिन उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है।
ये भी पढ़ें- कर्नल सोफिया के लिए आपत्तिजनक बयान देने वाले मंत्री शाह के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका
उसी क्रम में राजगढ़ में पूर्व सैनिक और आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी ने कहा कि कोई भी सैनिक ये नहीं चाहेगा कि सेना या उनके अफसरों के बारे में कोई भी नेता अनर्गल बाते कहे। जबकि कर्नल सोफिया ने ऑपरेशन सिंदूर को कामयाब करने में अपनी जान की बाजी लगाई है और भाजपा सरकार के मंत्री उन्हें पाकिस्तानियों की बहन बता रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि ऐसे मंत्री का इस्तीफा लेकर तत्काल इन्हें पार्टी से भी बाहर का रास्ता दिखाया जाए।