मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में लगभग 25 से 30 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। तीर्थ यात्रा पर गए किराना व्यापारी के मकान में लगभग 30 घंटे तक चोर बैखौफ रहे और मकान की बिजली गुल कर सीसीटीवी को भी बंद कर दिया। बगैर किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ चबियां ढूंढीं और लगभग 2.50 लाख नगदी व सोने और चांदी के आभूषण सहित 25 से 30 लाख रुपये की चोरी कर ले गए।
जानकारी के मुताबिक राजगढ़ शहर के तिलक मार्ग में निवास करने वाले किराना व्यापारी के मकान में अज्ञात चोरों ने लाखो रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इसमें लगभग ढाई से 3 लाख रुपये कैश और 25 लाख रुपये के गहने चोरी होना बताया जा रहा है, वहीं पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू की है।
पीड़ित परिवार के अभिषेक गुप्ता के मुताबिक चोर छत के रास्ते का इस्तेमाल करते हुए अंदर दाखिल हुए हैं, और घर का सभी समान बिखेरकर उन्होंने लॉकर की चाबियां ढूंढीं और जो चाबी मिली वह लॉकर खोला और जो नहीं मिली उसे वैसा ही छोड़ गए। ढाई से तीन लाख के आसपास चारों ने नगदी पर हाथ साफ किया और आभूषण में लगभग लगभग 30 तौला सोना और एक किलो के आसपास की चांदी के आभूषण कुल 25 से 30 लाख रुपये की चोरी घर में की गई है।
अभिषेक का कहना है कि सभी परिवार के लोग यही रहते है, लेकिन पिछले 4 से 5 दिन के लिए हम सभी तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। रविवार की देर रात 12 बजे के आसपास वापस आए, तब हमें चोरी की जानकारी लगी। साथ ही इन 4 से 5 दिनों के बीच हमारे घर की लाइट लगभग 30 घंटे बंद रही और उसके बाद यह ऑटोमैटिक चालू भी हो गई, कैमरे में उसी दौरान 30 घंटे की रिकॉर्डिंग भी गायब है और चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
साथ ही पीड़ित परिवार की महिला का कहना है कि चोरों ने हमारे किचन का भी इस्तेमाल किया और मैगी बनाकर भी खाई। इसके अंश हमें किचन में मिले है। हमारे घर को पूरी प्लानिंग के साथ ही निशाना बना गया है। वहीं उक्त मामले में कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमारी टीम जांच में जुट गई है।