फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajgarh News: स्कूल चपरासी की शिकायत न करने के चक्कर में खुद नप गई प्रिंसिपल, जानिए क्या है पूरा मामला

Wed, 08 Jan 2025 06:30 PM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक दस वर्षीय छात्रा के साथ निजी स्कूल में छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता और परिजनों की शिकायत पर आरोपी चपरासी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के मुताबिक पुलिस और बाल किशोर न्यायालय को सूचना न देने वाली स्कूल प्रिंसिपल के विरुद्ध भी पॉस्को एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

दरअसल, यह पूरा मामला राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी विद्यालय का है। जहां पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक बालिका से वहां कार्यरत चपरासी के द्वारा अश्लील हरकत की गई, जिसके बारे में बालिका ने पहले अपने परिजनों को बताया और उसके परिजन उसे स्कूल लेकर पहुंचे। जहां स्कूल प्रबंधन के द्वारा भी कोई जानकारी नहीं दी गई, जिसके पश्चात परिजन पीड़िता को थाने लेकर पहुंचे। जहां आरोपी के विरुद्ध बालिका से छेड़छाड़ करने के मामले में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पीड़ित बालिका और उसकी मां के मुताबिक, पेपर छूट जाने के कारण उनकी बालिका छह जनवरी को स्कूल गई थी। जहां मौजूद चपरासी ने बालिका से कहा कि उसे प्रिंसिपल मैडम बुला रही है और उसके साथ स्कूल में चपरासी के द्वारा अश्लील हरकत की गई। बालिका की मां का आरोप है कि इस घटना के बारे में न तो स्कूल प्रबंधन ने उन्हें बताया और न ही वहां से कोई कॉल आया। यहां तक कि सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए और ये कहकर टाल दिया गया कि कैमरे बंद है। हम सीसीटीवी फुटेज के लिए मशीन ही स्कूल से उठाकर घर ले आए और थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

मामले में माचलपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह मवाई ने बताया कि छह जनवरी को एक निजी स्कूल के चपरासी के द्वारा की गई एक 5वीं कक्षा की बालिका से छेड़छाड़ के मामले में मुख्य आरोपी रामविलास बैरागी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, विवेचना के दौरान स्कूल प्रिंसिपल प्रमिला शर्मा के विरुद्ध भी पॉस्को एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। क्योंकि उनके द्वारा उक्त कृत्य की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही बाल किशोर न्यायालय को अवगत कराया गया। सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार, स्कूल प्रिंसिपल पर यह कार्रवाई की गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें