राजगढ़ जिले में नेवज नदी में एम्बुलेंस फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नदी के किनारे फंसी एम्बुलेंस को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि चालक द्वारा समय पर ब्रेक लगाए जाने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना मंगलवार की दोपहर की है, जब एम्बुलेंस चालक सुरेंद्र सिंह जोधाणा ने वाहन को नदी के पानी के करीब ले जाकर धोने की कोशिश की लेकिन पानी की गहराई और गड्ढों का अंदाजा न होने के कारण एम्बुलेंस पानी में फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर बुलाकर लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद एम्बुलेंस को बाहर निकाला। इस दौरान जो वीडियो बनाए गए, वो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
इस घटना के बाद एम्बुलेंस सेवा कंपनी ने चालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किए एम्बुलेंस को नदी में ले जाने और वाहन धोने की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जाहिर की गई है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो चालक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना राजगढ़ के छोटे पुल के पास हुई, जहां निर्माणाधीन दीवार के कारण बड़े वाहनों को नदी से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोग अक्सर अपने वाहन वहीं धोते हैं, लेकिन प्रशासन ने इस असुरक्षित व्यवस्था पर कोई रोक नहीं लगाई है।