फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajgarh News: राजगढ़ जिला अस्पताल में स्टोर रूम में भीषण आग, मचा हड़कंप

Fri, 26 Dec 2025 09:19 PM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़

राजगढ़ जिले के जिला अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही स्टोर से धुएं का गुबार उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें बाहर तक दिखाई देने लगीं। अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्टोर रूम में रखा कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आकर बड़ी मात्रा में दवाइयां, मेडिकल उपकरण और अन्य जरूरी सामग्री नष्ट हो गई हैं। शुरुआती अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।

ये भी पढ़ें- सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से नाराज युवक ने पंचायत कार्यालय में लगा दी आग, देखें VIDEO

इस घटना में प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हुई है। आग लगने के समय अस्पताल की सीएमएचओ मौके पर मौजूद नहीं थीं, जिससे हालात को संभालने में परेशानी हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। उनकी मौजूदगी में करीब एक घंटे के बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शॉर्ट सर्किट या लापरवाही को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और जल्द ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही है।

सीएमएचओ शोभा पटेल का कहना है कि वे मीटिंग में थीं और अचानक उनके पास मैसेज आया कि स्टोर रूम में आग लग गई है। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचीं। अभी यह अनुमान नहीं लगाया गया कि कितना नुकसान हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें