मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में वेयरहाउस संचालक पिछले दो से ढाई साल से भुगतान न होने से परेशान हैं। जिले भर में लगभग 800 वेयरहाउस हैं, जिनका वेयरहाउस कॉरपोरेशन पर 100 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान पिछले दो से ढाई साल से लंबित है। वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा शासन को 101 करोड़ 21 लाख रुपए के 8602 बिल भेजे गए हैं, लेकिन शासन द्वारा इन बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। इससे वेयरहाउस संचालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
भुगतान न होने से बढ़ी परेशानी
वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन से भुगतान न होने के कारण संचालक काफी परेशान हैं। भुगतान न होने से लोन लेकर बनाए गए वेयरहाउस की किश्तों का भुगतान बैंकों को नहीं हो पा रहा है, वहीं वेयरहाउस पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी तनख्वाह नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा, वेयरहाउस संचालक बिजली के बिलों का भी समय पर भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जिससे बिजली विभाग लगातार नोटिस जारी कर रहा है।
जिम्मेदार अधिकारी भी असमर्थ
इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी भी अपनी असमर्थता जाहिर कर रहे हैं। वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि इन वेयरहाउस संचालकों के डेढ़ से दो साल के किराए का भुगतान लंबित है। हमने नागरिक आपूर्ति निगम के पास वेयरहाउस संचालकों के किराए के 101 करोड़ रुपए से अधिक के बिल भेज दिए हैं। जैसे ही नागरिक आपूर्ति निगम से भुगतान प्राप्त होगा, वेयरहाउस संचालकों को भुगतान कर दिया जाएगा।
अन्य जिलों में भी लंबित भुगतान का मुद्दा
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के अलावा अन्य जिलों से भी वेयरहाउस संचालकों ने अपने लंबित भुगतान की मांग को लेकर ज्ञापन, आवेदन और निवेदन दिया है। इससे पहले विदिशा जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आ चुका है। अब रायसेन जिले के वेयरहाउस संचालक अपने लंबित भुगतान की मांग कर रहे हैं।