फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panna News: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, थाना प्रभारी का सिर फोड़ा और आरक्षक की हालत गंभीर

Wed, 22 Oct 2025 11:33 PM IST
पन्ना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पन्ना

पन्ना जिले में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामला बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गजना धरमपुर का है, जहां आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने कुल्हाड़ी, लाठी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया और आरक्षक रामनारायण कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सतना के बिड़ला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया अपनी टीम के साथ आदतन अपराधी और हत्या के आरोपी (धारा 302) पंचम यादव निवासी गजना धरमपुर को पकड़ने के लिए गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, पंचम यादव और उसके साथियों ने पुलिस को देख कर उग्र रूप धारण कर लिया और बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने पुलिस पर अचानक हमला बोल दिया।

ये भी पढ़ें- गोवर्धन पूजा में नहीं बुलाया तो पड़ोसी हुए आगबबूला, सिर में टांगी घोंपकर युवक की हत्या

घेर कर किया हमला
हमलावरों ने पुलिस कर्मियों को चारों तरफ से घेर लिया और कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों से प्राणघातक हमला कर दिया। इस दौरान थाना प्रभारी और आरक्षक को हमलावरों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। अन्य पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए गांव से भाग निकले। बताया जा रहा है कि भीड़ ने पुलिस टीम के हथियार भी लूट लिए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम से संदेश प्रसारित किया गया, जिसके बाद पन्ना पुलिस अधीक्षक, डीआईजी और आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और मुख्य आरोपी पंचम यादव को गिरफ्तार कर लिया।हमले के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा के मद्देनज़र गजना धरमपुर और बृजपुर थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर डेरा डाल रखा है और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है।

बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि आरक्षक रामनारायण कुशवाहा के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हैं। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने इस हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस दल पर हमला करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें