फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Narmadapuram News: शॉर्ट सर्किट से भड़की आग में जलकर खाक हुई कोल्ड ड्रिंक की दुकान, लाखों का नुकसान

Mon, 01 Jun 2026 11:32 AM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र जय स्तंभ चौक पर रविवार तड़के एक कोल्ड ड्रिंक दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना तड़के करीब 2 बजे की है। अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

ये भी पढ़ें: MP: सीएम मोहन यादव ने ममता बनर्जी की तुलना बिच्छू से की, कांग्रेस नेता जीतू पटवारी को भी टपोरी कहा था; जानें

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दुकान में बड़ी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक का स्टॉक, फ्रीजर, फर्नीचर, पैकेजिंग सामग्री और अन्य सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य प्रतिष्ठान भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

दुकान संचालक संजय राठौर ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें