फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Morena News: जमीन विवाद में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Fri, 03 Jul 2026 10:55 PM IST
मुरैना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना

मुरैना में जमीन के विवाद ने अचानक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत में शुरू हुआ विवाद घर तक पहुंच गया और फिर दिनदहाड़े गोलियां चलने लगीं। ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे गांव में दहशत फैल गई। घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर के टायर में गोली लगने से वह फट गया। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम दोहरावली स्थित बद्री सिंह के पुरा की है। बताया जा रहा है कि जायदाद अपने नाम कराने को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।खेत पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला और ज्यादा बिगड़ गया।

ये भी पढ़ें- दो परिवारों की रंजिश में उजड़ गई मां की कोख, मारपीट के बाद गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत

आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए और वहां पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। फायरिंग के दौरान घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर के टायर में गोली लग गई, जिससे टायर फट गया। हालांकि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन गांव में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पूरा विवाद जमीन और जायदाद नाम कराने को लेकर हुआ था। पुलिस ने अंतराम, महेश, रामबीर, बंटी और संजीव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जमीन के विवाद को लेकर खुलेआम हुई फायरिंग ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें