फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandla News: कान्हा के बफर में बाघ की दहशत, मुक्की क्षेत्र में मवेशी शिकार का वीडियो वायरल

Thu, 25 Dec 2025 10:03 PM IST
मंडला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला

कान्हा टाइगर रिजर्व से लगे बफर जोन में बाघों की सक्रियता एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। बीते कुछ दिनों से बाघों की मूवमेंट जंगल की सीमा से बाहर बढ़ती दिखाई दे रही है और अब वे रहवासी इलाकों व रिसोर्ट क्षेत्रों के आसपास तक पहुंचने लगे हैं। इसी कड़ी में केटीआर के मुक्की जोन से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें एक बाघ खुलेआम मवेशी का शिकार करता नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार यह घटना मुक्की जोन के पास स्थित बंजारी टोला क्षेत्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बाघ रात के समय मवेशी को एक भवन की बाउंड्री वॉल के पास से घसीटते हुए ले जा रहा है। दूसरे वीडियो में वही बाघ सड़क पर मवेशी को जबड़े में दबाए आगे बढ़ता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि यह स्थान साल ट्री रिसोर्ट के नजदीक है, जहां आमतौर पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है।

ये भी पढ़ें- AI ने छीनी नौकरी तो बन गया चोर, 'बंटी-बबली' स्टाइल में की 16 लाख की लूट

सोशल मीडिया पर चर्चा है कि वीडियो में नजर आ रहा बाघ कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की जोन का प्रसिद्ध पट्टेवाला मेल टी-125 हो सकता है। हालांकि वन विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन बाघ की पहचान और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए फील्ड स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है। घटना के सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और मवेशियों को खुले में छोड़ने से भी परहेज कर रहे हैं। वहीं रिसोर्ट संचालकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा में कोई चूक न हो।

वन विभाग का कहना है कि बफर जोन में इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात में अकेले बाहर न निकलें, मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना वन अमले को दें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष को रोका जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें