मंडला जिले के अंजनिया क्षेत्र स्थित एक कथित शराब गोदाम से पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वायरल वीडियो में शराब की पेटियों के बीच करीब सात-आठ युवक और दो युवतियां तेज संगीत पर डांस करते और पार्टी मनाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में परिसर के अंदर कूलर, साउंड सिस्टम और खाने-पीने का सामान भी दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने शराब कारोबार से जुड़े परिसरों में इस तरह की गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शराब ठेकेदारों द्वारा बाहरी लोगों को बुलाकर इस तरह के आयोजन किए जाते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
पढे़ं: 17 कैरेट का नायाब हीरा मिला, कीमत 50 लाख से ज्यादा; 7 पार्टनरों में बंटेगी रकम
कांग्रेस पहले भी उठा चुकी है शराब कारोबार का मुद्दा
मंडला नगर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश रंजन उसराठे के नेतृत्व में हाल ही में शराब की अवैध बिक्री और मारपीट समेत अन्य शिकायतों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था। कांग्रेस ने शराब कारोबार से जुड़े मामलों में सख्ती करने, बाहरी लोगों की जांच कराने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की थी।
प्रबंधक ने वीडियो को बताया पुराना
वायरल वीडियो को लेकर शराब ठेके के प्रबंधक राजेश गुप्ता का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहा प्रतिष्ठान और उसमें मौजूद लोग उनके नहीं हैं। उनका दावा है कि यह वीडियो पूर्व ठेकेदारों के समय का हो सकता है।
वहीं, आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रहा परिसर किससे संबंधित है। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा परिसर वास्तव में शराब गोदाम है या नहीं और वहां पार्टी आयोजित करने की अनुमति थी या नहीं।