फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khargone News: खेत में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर लाखों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Wed, 18 Mar 2026 07:58 PM IST
खरगोन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खरगोन

खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला को खेत में गड़ा हुआ सोना निकालने का लालच देकर पूजा-पाठ का झांसा दिया और मौके का फायदा उठाकर सोने के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रुहल के अनुसार 15 मार्च 2026 को ग्राम सूल्याखेड़ी निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ दिन पहले दो लोग उसके घर आए थे। इनमें से एक ने खुद को काजल दीदी बताकर महिला से कहा कि वह अर्धनारी है और उसके भाग्य में अपार धन लिखा है। आरोपियों ने दावा किया कि विधि-विधान से पूजा करने पर खेत में दबा खजाना निकाला जा सकता है।

ये भी पढ़ें- एटीएम के पास पांच हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया बीआरसी, बालिका शौचालय निर्माण में कमीशन का मामला

महिला उनकी बातों में आ गई। 10 मार्च को खेत में पूजा करवाई गई, जिसमें आरोपियों ने एक मटकी में करीब 5 तोला सोने के आभूषण और 51 हजार रुपये नकद रखवाए। इसके बाद महिला को नहर में फूल डालने के बहाने वहां से भेज दिया गया। जब वह वापस लौटी तो दोनों आरोपी फरार हो चुके थे और मटकी खाली मिली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी धार जिले के सादलपुर के निवासी हैं।

पुलिस टीम ने सादलपुर पहुंचकर दोनों आरोपियों राहुल (25) और विक्की (19) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख 4 हजार 500 रुपये के सोने के जेवर, 21 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 9.95 लाख रुपये बताई जा रही है। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें