फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किशोर कुमार की पुण्यतिथि: समाधि पर श्रद्धा-सुमन अर्पित, सुरमई श्रद्धांजलि देकर उठी भारत रत्न की मांग

Mon, 13 Oct 2025 11:09 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

देश के हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को सुबह से लेकर देर शाम तक मध्यप्रदेश के खंडवा स्थित उनके समाधि स्थल पर किशोर प्रेमियों का जमावड़ा लगा रहा। यहां फूलों से समाधि की आकर्षक सजावट की गई और ‘सुरमई श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। किशोर कुमार ने खंडवा जिले का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित किया है। यही कारण है कि देशभर से आए उनके चाहने वालों ने समाधि स्थल पर पहुंचकर गीतों के माध्यम से उन्हें सुरांजलि अर्पित की।

किशोर प्रेमियों का मानना था कि “किशोर दा जीवंत हैं और सदैव जीवंत रहेंगे।” इसलिए वे उनके जन्मदिन और पुण्यतिथि को एक उत्सव की तरह मनाते हैं। साथ ही, उपस्थित प्रशंसकों ने सरकार से किशोर कुमार को भारत रत्न देने की मांग भी की। देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी मधुर आवाज़ और अद्वितीय प्रतिभा से पहचान बनाने वाले किशोर कुमार आज भी गीतों के माध्यम से लोगों के दिलों में बसते हैं। उनकी समाधि पर दिनभर संगीत प्रेमियों का सैलाब उमड़ा रहा। अपने संगीत गुरु को श्रद्धांजलि देने बड़ी संख्या में देश और विदेश से लोग पहुंचे।

ये भी पढ़ें- किशोर कुमार पुण्यतिथि: किशोर को साक्षी मान डाली वरमाला, फिर दोनों प्रेमी हुए एक दूजे के

इस अवसर पर राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त, भाजपा युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि मैं दादा की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें नमन करने यहां आया हूं।” उन्होंने आगे बताया कि सरकार ने किशोर कुमार की समाधि और स्मारक का निर्माण कराया है तथा अब उनके मकान को स्मारक में बदलने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक कंचन मुकेश तनवे ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “किशोर दा अमर हैं और अमर रहेंगे। खंडवा की इस पवित्र भूमि ने ऐसे महान कलाकार को जन्म दिया, जिसने अपने गीतों से देश-विदेश में खंडवा का नाम रोशन किया।” उन्होंने कहा कि “संगीत प्रेमियों की तरह मैं भी इस मांग का समर्थन करता हूं कि किशोर दा को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। उनके पैतृक मकान को लेकर मैंने मुख्यमंत्री जी से चर्चा की है, और जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।”

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें