मध्यप्रदेश के खंडवा नगर में मंगलवार शाम अचानक जिला अस्पताल के समीप स्थित मुख्य सड़क पर पड़ावा क्षेत्र के समीप दो सांड आपस में लड़ पड़े। लड़ते-लड़ते इन सांडों ने जमकर उत्पात मचाया। दोनों सांडों के इस दंगल के बीच उन्होंने एक बाइक सवार को भी टक्कर मारकर गिरा दिया।
वहीं, इस दौरान दोनों सांडों की लड़ाई होते देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच वहां मौजूद कई लोगों ने दोनों सांडों की इस लड़ाई का वीडियो भी बनाया। वहीं, सांडों की लड़ाई देखने के लिए आसपास की भीड़ भी उमड़ पड़ी। लोग उत्सुकता से देखने में लगे थे कि दोनो ही में से किस सांड की इस लड़ाई में जीत होगी।
काले सफेद के बीच की लड़ाई का मैच रहा 'टाई'
बता दें कि लड़ने वाले सांडों में एक ब्लैक कलर का सैंड था तो दूसरा व्हाइट कलर का सांड था। दोनों ही सांड कद काठी में लगभग एक समान ही थे और माना जा रहा है दोनों ही में उस क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर लड़ाई थी। इधर, सांडों की लड़ाई के दौरान आसपास मौजूद कुछ दुकानदारों ने उन पर पानी डालकर भगाने की भी कोशिश की तो वहीं कुछ लोगों ने डंडे से मारकर भी इन सांडों को भगाने का प्रयास किया। लेकिन इस सबके बीच भी दोनों ही में जोर आजमाइश की यह लड़ाई जारी रही।
हालांकि, काफी देर तक लड़ने के बाद दोनों ही सांड अपने आप ही शांत होकर चले गए, जिससे उनकी लड़ाई में जीत हार का रोमांच देखने की उम्मीद लगाए लोगों को निरशा हाथ लगी और वे कहते हुए दिखे की मैच टाई रहा। बता दें कि स्थानीय लोगों के अनुसार, खंडवा नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे आवारा सांडों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे आए दिन लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।