मध्यप्रदेश कांग्रेस के मुखिया जीतू पटवारी इस समय जेन जी पर ध्यान केंद्रित कर उनके साथ साइकल यात्रा निकाल रहे हैं। उनकी इस यात्रा में कांग्रेस के कई बड़े चेहरे भी साथ हैं। हालांकि उनकी यह यात्रा चुनावी रणनीति के अनुसार कितनी सफल होती है यह तो आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन इस पर खंडवा पहुंचे प्रदेश के धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बड़ा बयान दिया है। उनसे जब पूछा गया कि जीतू पटवारी जेनजी को इकट्ठा कर धरातल पर कांग्रेस पार्टी की पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, तब मंत्री लोधी ने कहा कि जीतू पटवारी का खुद कोई भविष्य नहीं है। जो खुद 30-35 हजार वोटों से हार गया हो, और उसको कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष बना दिया हो, तो उसका क्या भविष्य होगा। मुझे नहीं लगता कि वो कांग्रेस को आगे ले जा पाएंगे।
ये भी पढ़ें- 200 किमी साइकिल यात्रा: पटवारी बोले-12 साल में 90 परीक्षाओं के पर्चे लीक,हर बार BJP से जुड़े माफिया ही क्यों?
जब मंत्री लोधी से पूछा गया कि बुधवार सुबह ही राज्य मंत्री लखन पटेल को पशुपालन विभाग से हटाया गया है, और उनका विभाग अब मुख्यमंत्री ने खुद अपने पास रखने का निर्णय लिया है तब वे इस बात की जानकारी होने से मना कर गए। साथ ही इस संबंध में संगठन से सवाल पूछने की सीख भी मीडिया को दे गए।
रोड़ नापेंगे तो होगा जमीनी हकीकत का अहसास
खंडवा पहुंचे भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा साइकल यात्रा निकाले जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अच्छी बात है, कि कम से कम वे इस बहाने जमीनी हकीकत का आंकलन कर लेंगे। आज मध्य प्रदेश उनके समय यानी 2003 के पहले कैसी स्थिति में था, और आज हमारा प्रदेश विकास के रास्ते पर कितनी तेज गति से आगे चल रहा है। और इस तरह से साइकिल यात्रा के बहाने वे रोड नापेंगे तो सारी हकीकत भी उनके सामने आ जाएगी।