मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के ग्रामीण अंचल से देर रात हिट एंड रन का मामला सामने आया है, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक सवार थे, जिन्हें सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे, शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक फरार है। कार के नंबर का पता लगा लिया गया है, भीकनगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में कर रही है। इधर, मृतकों के शव भीकनगांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाए गए हैं, जहां गुरुवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दरअसल, खरगोन जिले के भीकनगांव ब्लॉक से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित ग्रामीण अंचल से गुजर रहे खंडवा-बड़ौदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात भातलपुरा गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय आकाश पिता मन्नालाल राठौड़ और 25 वर्षीय सागर पिता प्रताप पटेल के रूप में हुई है, जो दोनों ही पास के ग्राम सुंद्रेल के निवासी थे। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई थीं, जिसमें एक युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जबकि दूसरे युवक का एक पैर और एक हाथ टूट कर अलग हो गया था। बताया जा रहा है कि वेन्यू कार (एमपी 12 जेडसी 1133) भीकनगांव से खंडवा की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार देशगांव से अपने गांव सुंद्रेल लौट रहे थे।
हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया है। इधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची भीकनगांव पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। मृतकों के शवों को भीकनगांव के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, आज गुरुवार को दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।