मध्यप्रदेश में इन दिनों एक ओर तो नवरात्रि पर्व की धूम है, तो वहीं दूसरी ओर विधानसभा चुनाव की हलचलें तेज हैं। खंडवा में इन दोनों को एक साथ जोड़ने का काम किन्नरों कर रहे हैं। दरअसल खंडवा में रहने वाले किन्नरों ने देवी मां की आराधना करने के लिए नौ दिन तक अपने यहां भजन कीर्तन का कार्यक्रम रखा हुआ है। इस दौरान भजन कीर्तन के बीच में वे कई बार सभी से मतदान करने और अपने वोट का सही इस्तेमाल करने की अपील भी करते नजर आते आ रहे हैं। अर्धनारीश्वर कहे जाने वाले किन्नर समाज की इस तरह की धार्मिक के साथ ही सामाजिक पहल की अब हर तरफ तारीफें की जा रही हैं।
दरअसल खंडवा शहर के सूरजकुंड स्थित रेलवे कॉलोनी में रहने वाले किन्नर समाज के लोग इन दिनों माता रानी के भजन कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। नौ दिनों तक रोजाना दोपहर में किये जा रहे इस आयोजन में बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्र की महिलाएं जुट कर माता रानी के भजनों को गाती और उन पर झूमती दिखाई दे रही हैं, लेकिन इसमें खास बात यह है कि किन्नर समाज भजनों के बीच में बार-बार सभी से मतदान करने और अधिक से अधिक संख्या में अपना वोट देने के लिए घर से निकलने की अपील भी लगातार कर रहा है। किन्नरों की इस सार्थक पहल को देखकर भजन कीर्तन में आने वाली महिलाएं भी उनकी तारीफ करते नहीं थक रही हैं।
भजन कीर्तन का आयोजन करने वाली किन्नर समाज की गुरु सितारा ने बताया कि अभी नवरात्रि का त्यौहार है ऐसे में बहुत सी महिलाएं यहां भजन कीर्तन करने आई हुई हैं। यहां हमारे घर पर माता जी के भजनों का कार्यक्रम चल रहा है, और आगे अभी वोटिंग होने वाली है तो इस बीच मे सबको यह संदेश देना चाहती हूं कि सभी अपने घरों से निकलकर वोट जरूर डालिये, चाहे जिसे भी आप वोट देना चाहें, लेकिन वोट जरूर डालिये, क्यों कि ये वोट बहुत कीमती है इसलिए ये वोट आपका खाली न जाये।
बता दें कि खंडवा जिले की कुल चार विधानसभा में 9 लाख 99 हजार 319 मतदाता हैं, जिनमें से कुल 30 मतदाता थर्ड जेंडर के रूप में रजिस्टर हैं। इसी तरह खंडवा विधानसभा के कुल 2 लाख 72 हजार 559 वोटरों में से जिले के सबसे अधिक थर्ड जेंडर 17 मतदाता खंडवा ही में रहते हैं, जो इस बार खुद तो अपने मत का प्रयोग करेंगे ही, साथ ही वे दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं।