जिले में स्टेट जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी की आशंका को लेकर लोहे के कारोबार से जुड़ी एक बड़ी औद्योगिक इकाई पर बड़ी कार्रवाई की है। इमलिया ग्राम स्थित के-टॉप आयरन प्रोडक्ट्स में स्टेट जीएसटी की 20 सदस्यीय विशेष टीम पिछले तीन दिनों से लगातार जांच में जुटी हुई है। टीम फैक्ट्री परिसर और फर्म संचालक के निवास स्थल पर डेरा डालकर लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार के-टॉप आयरन प्रोडक्ट्स द्वारा छत्तीसगढ़ के रायपुर और रायगढ़ से बड़े पैमाने पर लोहा-स्टील का कच्चा माल मंगाया जाता है। इसी कच्चे माल से फैक्ट्री में लोहे की कील, फेंसिंग वायर, वाइंडिंग वायर, जीआई वायर सहित अन्य उत्पाद तैयार किए जाते हैं। शुरुआती जांच में विभाग को लाखों रुपये की टैक्स अपवंचन की आशंका सामने आई है, जिसके बाद यह व्यापक छापेमार कार्रवाई शुरू की गई।
ये भी पढ़ें: Shahdol News: देवलौंद में भीषण सड़क हादसा, बस-बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
सूत्रों के मुताबिक स्टेट जीएसटी की टीम ने न केवल इंडस्ट्री प्लांट बल्कि फर्म संचालक के निवास स्थान पर भी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की है। कार्रवाई के दौरान कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन, बिल बुक, अकाउंट बुक और अन्य डिजिटल डाटा खंगाले जा रहे हैं। विभाग यह जांच कर रहा है कि कच्चे माल की खरीदी और तैयार माल की बिक्री में कहीं फर्जी बिलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दुरुपयोग या संगठित टैक्स चोरी तो नहीं की गई।
इस मामले में स्टेट जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर प्रकाश सिंह ने बताया कि फर्म के प्लांट से टैक्स चोरी से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले थे। इन्हीं के आधार पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बीते तीन दिनों से टीम लगातार दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
फिलहाल स्टेट जीएसटी विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टैक्स चोरी की कुल राशि कितनी है और संबंधित फर्म के खिलाफ किस तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।