कटनी जिले में एक एयर कंप्रेसर टंकी फटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना कुठला थाना क्षेत्र के महंत माधवराव सिंधिया चौक के पास स्थित एक पंचर की दुकान में हुई, जहां क्षमता से अधिक हवा भरने के कारण एयर कंप्रेसर टंकी तेज धमाके के साथ फट गई।
ये भी पढ़ें- सीएम मोहन यादव अशोकनगर में हादसे का शिकार, मीडिया से बात कर रहे थे तभी टूट गईं सीढ़ियां
धमाके से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टंकी में अत्यधिक हवा भर दी गई थी, जिससे अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद सड़क पर धूल के गुबार उठने लगे और दुकान क्षतिग्रस्त हो गई।
दो मिस्त्री गंभीर रूप से घायल
प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र सैनी ने बताया कि हादसे के समय दुकान में ट्रक का काम करने वाले कमानी मिस्त्री बद्दी और टायर सुधारने वाले बंटू मौजूद थे। दोनों जोरदार धमाके की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि दुकान को भी नुकसान पहुंचा और उसके कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
ये भी पढ़ें- नौ साल की बच्ची के शरीर पर फैला इंफेक्शन, माता-पिता ने डॉक्टर पर लगाया गलत उपचार का आरोप
घायल मिस्त्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने उनका इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों मिस्त्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की जानकारी मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कंप्रेसर टंकी में क्षमता से अधिक हवा भरने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।