झाबुआ जिले के थांदला थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पत्नी ने चरित्र शंका और विवाद के चलते अपने ही पति की जीवनलीला उस पगड़ी से समाप्त कर दी, जिसे उसने अपनी शादी के दिन बड़े चाव से सिर पर सजाया था।
झाबुआ पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए बताया कि 28 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे डायल 112 से सूचना मिली थी कि 25 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर में संदिग्ध हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को शुरुआती जांच में मामला उलझा हुआ लगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि कर दी। जिसमें मौत का कारण गला दबाना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर तहकीकात शुरू की।
विवेचना के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वारदात वाले दिन व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में गया था। वहां नाचने की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई थी। दरअसल, व्यक्ति अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शादी समारोह से लौटने के बाद रात में आवेश और गुस्से से भरी पत्नी ने खौफनाक कदम उठाया और घर में रखी वही पगड़ी उठाई जो व्यक्ति ने अपनी शादी में पहनी थी। उसने उस पगड़ी को रस्सी का रूप दिया और गहरी नींद में सो रहे पति का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
24 घंटे के भीतर ही आरोपी पत्नी गिरफ्तार
पुलिस की मुस्तैदी और प्रभावी जांच के चलते महज 24 घंटे के भीतर ही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में निरीक्षक अशोक कनेश और उनि नरेश निनामा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनकी सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
ये भी पढ़ें- स्कूलों के बाहर 'इत्र की शीशी' वाले की दहशत, पुलिस ने पकड़ा तो सामने आई हैरान कर देने वाली वजह
ये थी विवाद की जड़
शादी का डांस और इंस्टाग्राम रील पुलिस विवेचना में जो कहानी सामने आई, वह चौंकाने वाली थी। घटना वाली रात (28 जनवरी) पति-पत्नी एक शादी समारोह में गए थे। वहां पत्नी डीजे पर नाच रही थी और रील बना रही थी। पति, जो पहले से पत्नी के चरित्र पर शक करता था, उसने उसे नाचने और सोशल मीडिया पर रील अपलोड करने से मना किया। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
यूट्यूब पर देखा मर्डर ट्यूटोरियल
घर लौटने के बाद पति सो गया, लेकिन पत्नी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। नाबालिग पत्नी ने मोबाइल फोन से सीखकर उसने घर में रखी पगड़ी (साफा) की रस्सी बनाई और सो रहे पति का गला तब तक दबाए रखा, जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। मृतक की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी, मृतक के माता पिता का भी पूर्व में निधन हो चुका है। आरोपी पत्नी नाबालिग है।