फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhabua News: पेटलावद में फोरलेन निर्माण के खिलाफ किसानों की हुंकार, छलका दर्द, चार गुना मुआवजे की मांग

Mon, 06 Jul 2026 09:42 PM IST
झाबुआ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झाबुआ

टीमरवानी–थांदला–पेटलावद–बदनावर फोरलेन (NH-752D) निर्माण को लेकर क्षेत्र के किसानों में गहरा आक्रोश है। सोमवार को पेटलावद के श्रद्धांजलि चौक पर भारतीय किसान संघ के बैनर तले आयोजित विशाल सभा में किसानों ने अपनी उपजाऊ भूमि बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया। सभा में महिलाओं का दर्द और चिंता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। महिला किसानों ने सवाल उठाया कि खेती की जमीन छिनने पर वे अगली पीढ़ी का भरण-पोषण कैसे करेंगी। नीरू योगेंद्र मंडलोई ने क्षेत्र में पानी आने की सरकारी योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीन के बिना पानी का कोई अर्थ नहीं है। वहीं, गंगा सहित अन्य महिला किसानों ने वर्तमान मुआवजे को नाकाफी बताते हुए कहा कि इस राशि में दूसरी जगह जमीन खरीदना असंभव है।

किसानों ने स्पष्ट मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्र के नियमों के अनुसार उन्हें बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा दिया जाए। मकान प्रभावितों के लिए केवल मुआवजा ही नहीं, बल्कि समुचित पुनर्वास और आजीविका की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, भूमि, कुओं, पेड़ों और मकानों का दोबारा निष्पक्ष मूल्यांकन करने तथा फोरलेन की ऊंचाई कम रखने की मांग भी रखी गई है।

ये भी पढ़ें- एमपी के सीहोर में दर्दनाक हादसा:  ट्रक और बोलेरो की बीच हुई भीषण टक्कर, पांच की मौत; मौके पर मची चीख-पुकार

सभा के बाद थांदला एसडीएम भास्कर गाचले ने किसानों का ज्ञापन लिया। प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने सरकार पर दोहरी नीति का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार के चार गुना मुआवजे के निर्देशों के बावजूद स्थानीय प्रशासन कम दर पर अड़ा है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो वे जिला कलेक्टर कार्यालय पर 'डेरा डालो-घेरा डालो' आंदोलन शुरू करेंगे। प्रशासन की ओर से एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी, तहसीलदार अनिल बघेल, थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया और नायब तहसीलदार विजेंद्र कटारे ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें