हरदा जिले के मोरघड़ी रोड स्थित सोनपुरा नदी के पास देर रात उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में दो लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि दोनों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, नहाली निवासी राजेश गुर्जर पिता बृजलाल गुर्जर और कैलाश पिता बालाराम कार से अपने गांव नहाली लौट रहे थे। इसी दौरान सोनपुरा नदी के पास स्थित मोड़ पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। चालक कार को संभाल पाता, इससे पहले ही वाहन सड़क से उतरकर सीधे नदी में जा गिरा। कार के नदी में गिरने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें- मंडला में ऑक्सीजन खत्म होने से मरीज की मौत का मामला, 108 एंबुलेंस संचालक पर 2.30 लाख की पेनल्टी
हादसे के समय डायल 112 की टीम किसी अन्य इवेंट के सिलसिले में मोरघड़ी की ओर जा रही थी। टीम में आरक्षक अशोक बारिबा और पायलट अजय दुनगे शामिल थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने सोनपुरा नदी के पास कार को गिरते हुए देखा। उन्होंने बिना समय गंवाए वाहन रोककर तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से नदी में गिरी कार तक पहुंचकर उसमें फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में दोनों कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्हें मामूली चोटें आई थीं। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता के चलते दोनों की जान बच गई।
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली। समय रहते डायल 112 की टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस टीम मौके पर समय पर नहीं पहुंचती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।