हरदा जिले की तहसील टिमरनी नगर में छिदगांव-हरदा रोड पर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने निर्माण की जद में आ रहे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की।
एसडीएम श्री नागू ने बताया कि टिमरनी में छिदगांवमेल-हरदा मार्ग पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को लेकर राजस्व निरीक्षक टिमरनी द्वारा जांच की गई थी। जांच में शासकीय भूमि खसरा नंबर 78/1, रकबा 3.105 पर कुल 84 आवासीय एवं व्यावसायिक संरचनाओं द्वारा अतिक्रमण होना प्रतिवेदित किया गया है। इन्हीं संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बड़वानी में भीषण हादसा, पिकअप-बाइक आमने-सामने भिड़ीं, महिला समेत तीन ने तोड़ा दम, 6 घायल
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। वहीं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संबंधित दस्तावेजों के आधार पर अतिक्रमण की पुष्टि कर हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। इस मौके पर नायब तहसीलदार टिमरनी रमेश सिसोदिया, राजस्व निरीक्षक टिमरनी, हल्का पटवारी सहित पुलिस विभाग का दल उपस्थित रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशासन द्वारा आगे भी आवश्यकतानुसार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।