ट्रेनों में यात्रियों के बैग चोरी करने वाले एक शातिर चोर को ग्वालियर जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक मौर्य के रूप में हुई है। खास बात यह है कि आरोपी कोई पेशेवर या अनपढ़ चोर नहीं, बल्कि बी.टेक. कर चुका है और उसके पिता एयरफोर्स में पदस्थ हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर करीब 8 लाख 26 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालत में मिला आरोपी
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध हालत में नजर आया। युवक के पास एक ट्रॉली बैग था। पुलिस ने उससे यात्रा का टिकट दिखाने को कहा लेकिन वह टिकट नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रॉली बैग में रखे सामान के बारे में पूछताछ की। युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह बढ़ने पर जीआरपी ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेनों में यात्रियों के बैग चोरी करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके ठिकानों की तलाशी ली और चोरी के सामान की बड़ी बरामदगी की।
ये भी पढ़ें: देवास: चंदाना में दो मौतों के बाद अवैध शराब नेटवर्क पर कसा शिकंजा, शराब माफिया विनोद जायसवाल समेत 10 गिरफ्तार
चोरी का अनोखा पैटर्न
पुलिस जांच में आरोपी के चोरी करने का एक खास पैटर्न भी सामने आया है। जीआरपी के मुताबिक दीपक मौर्य महीने की 3, 5 और 7 तारीख को चोरी की वारदातों के लिए ज्यादा सक्रिय रहता था। वह ट्रेनों में यात्रियों के बैग पर नजर रखता और मौका मिलते ही उन्हें लेकर फरार हो जाता था।
आरोपी चोरी किए गए बैग से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान निकाल लेता था। इसके बाद बैग में बचा सामान और कई बार ट्रॉली बैग भी मेले के मैदान में झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को दे देता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मेले के मैदान से 7 ट्रॉली बैग बरामद किए हैं।
घर से भी मिला चोरी का सामान
जीआरपी के अनुसार आरोपी के घर की तलाशी में 32 ट्रॉली बैग, 2 लगेज बैग, एक लैपटॉप और 4 मोबाइल फोन समेत करीब 8 लाख 26 हजार रुपये का सामान बरामद हुआ है। पुलिस अब बरामद सामान के मालिकों की जानकारी जुटाने में लगी है।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। जीआरपी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दीपक ने अब तक ट्रेनों में चोरी की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की इन वारदातों में उसके साथ कोई और व्यक्ति या गिरोह शामिल था या नहीं। मामले में आगे और खुलासे होने की उम्मीद है।