देश सहित मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिले में आयोजित गरबा महोत्सव के कार्यक्रम में गैर हिन्दू के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन उसके बावजूद भी गैर हिंदू धर्म के लोग गरबे के आयोजन में प्रवेश कर रहे है। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के गुना जिले से भी निकलकर सामने आया है, जिसमें शामिल हुए धर्म विशेष के युवकों को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओ ने पुलिस के हवाले किया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला रविवार की देर रात गुना शहर के कस्तूरी गार्डन में लायंस क्लब की ओर से आयोजित गरबा नाइट कार्यक्रम का है। जिसके वीडियो हाल ही में सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि गरबे के दौरान समुदाय विशेष के युवाओं की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता अचानक गार्डन पहुंच गए और नाराजगी जाहिर करते हुए गरबा आयोजकों से काफी देर तक बहस की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ही उन युवाओं को चिन्हित किया और उनके प्रवेश पर आपत्ति जताते हुए उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
दरअसल यह पूरा मामला रविवार की देर रात 9-10 बजे के बीच सामने आया, जब हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता एबी रोड पर स्थित कस्तूरी गार्डन पहुंचे और आयोजकों को बताया कि गरबा पंडाल में ऐसे समुदाय से जुड़े हुए युवा प्रवेश कर गए हैं, जिनका हिंदू रीति-रिवाज से आयोजित कार्यक्रमों से कोई लेना-देना ही नहीं है। बातचीत के दौरान आयोजकों ने दावा किया कि, उनके पांडाल में मौजूद सभी युवा हिंदू समुदाय से ही हैं, लेकिन हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता पड़ताल करने की मांग पर डटे रहे। अंतत: कुछ कार्यकर्ताओं ने गार्डन के अंदर प्रवेश कर लिया, जिन्हें देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक समुदाय विशेष के कुछ युवा दीवार फांदकर भाग गए, जबकि 4 से 5 युवाओं को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद मामला और गर्मा गया. वहीं हिंदू जागरण मंच ने आयोजकों को भी सलाह दी कि वे अपने पंडाल में आधार कार्ड अथवा किसी पहचान पत्र के माध्यम से ही युवाओं को प्रवेश दें। हिंदू जागरण मंच ने इस मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए दावा किया कि पहचान छुपाकर नृत्य कर रहे युवा हिंदू युवतियों से जान-पहचान बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे, ताकि बाद में उन्हें लव-जिहाद के चक्कर में फंसाया जा सके। इस घटना की चर्चा देर रात से ही सोशल मीडिया पर जारी है।