गुना जिले के कुंभराज क्षेत्र से एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपनी बहन के साथ पति के खिलाफ पुलिस थाना परिसर के बाहर ही भूख हड़ताल पर बैठ गई है। खास बात यह है कि प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को इस मामले की सूचना पहले ही दे दी थी, लेकिन प्रशासन और पुलिस ने गंभीरता नहीं लिया।
ये भी पढ़ें- रिश्तेदार ही निकला 14 लाख के जेवरात की चोरी का आरोपी, पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक कुंभराज निवासी लक्ष्मी साहू के पति सोनू साहू ने कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इसके खिलाफ लक्ष्मी साहू ने पहले पुलिस थाने में और बाद में वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। लगभग एक महीने तक संघर्ष करने के बाद एक अप्रैल को एसडीओपी चांचौड़ा ने प्रकरण में हस्तक्षेप किया और कुंभराज ने एफआईआर दर्ज कर ली। मामला उस समय उलझ गया जब लक्ष्मी साहू की शिकायत पर पुलिस ने सोनू के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने की एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन उसी समय सोनू की शिकायत पर भी लक्ष्मी साहू के खिलाफ मारपीट का केस कुंभराज थाने में पंजीबद्ध हो गया है।
ये भी पढ़ें- बिजली कटौती से नाराज बराती बस में भरकर देर रात पहुंचे ऊर्जा मंत्री के बंगले, जानें फिर क्या हुआ
अब लक्ष्मी साहू का आरोप है कि पुलिस ने एक ही समय में दो एफआईआर दर्ज की है, इसलिए मामले की जांच होना चाहिए। सबसे पहले कुंभराज पुलिस थाने के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाने चाहिए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। लगातार आवेदन देने के बाद भी जब प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरु नहीं की तो पूर्व सूचना के मुताबिक लक्ष्मी साहू 30 मई से कुंभराज थाना परिसर के बाहर अपनी बहन और बेटी को लेकर भूख हड़ताल पर बैठ गई हैं।