सोशल मीडिया युग में खुद को अलग दिखाने और फेमस होने की जिद धीरे-धीरे लोगों की जान ले रही है। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जब लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रील बनाने के चक्कर में ऐसे-ऐसे खतरनाक कारनामे करते हैं, जिनसे उनकी जान को खतरा रहता है। कभी-कभी वे अपनी जिंदगी भी गंवा बैठते हैं। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के गुना जिले से सामने आया है, जब एक युवक रील बनाने के चक्कर में ऊंचाई से पानी में कूदा और फिर वापस बाहर नहीं निकल सका।
दरअसल, यह घटना गुना जिले के धरनावदा क्षेत्र में रुठियाई के निकट स्थित गोपीकृष्ण सागर बांध की है। युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ घूमने गया था। यह डेम गुना शहर से 15 किलोमीटर दूर स्थित है, जहां लोग अक्सर घूमने और पिकनिक मनाने आते हैं। रविवार की शाम लगभग साढ़े चार से पांच बजे के बीच युवक दीपेश लोधा रील बनाने के मकसद से गोपीकृष्ण तालाब में ऊंचाई से कूदा। वह अपनी छलांग को मोबाइल पर रिकॉर्ड करना चाहता था। लेकिन, कूदने के बाद दीपेश तालाब से वापस बाहर नहीं आया। उसके मित्र काफी देर तक उसका इंतजार करते रहे, लेकिन जब वह बाहर नहीं निकला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर उसे खोजने की कोशिश की। थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी प्रभात कटारे ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया। टीम के पहुंचने के बाद तेजी से खोजबीन शुरू हुई, लेकिन देर रात तक भी दीपेश का पता नहीं चल सका था।