गुना जिले की जनसुनवाई में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद और लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों से मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने सभी के सामने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के तुरंत बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक लंबे समय से अपनी जमीन से जुड़े विवाद को लेकर परेशान था। युवक का आरोप है कि दबंगों द्वारा उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में उसने पहले भी थाने और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन उसे कोई ठोस राहत नहीं मिल सकी। युवक ने बताया कि मामले में न्यायालय से आदेश मिलने के बावजूद भी दबंगों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा उसे लगातार डराया-धमकाया जा रहा था। हाल ही में उसे ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी, जिसके बाद वह पूरी तरह टूट चुका था। इसी पीड़ा और निराशा के चलते युवक जनसुनवाई में अपनी बात रखने पहुंचा था, लेकिन जब उसे वहां भी समाधान की कोई उम्मीद नजर नहीं आई, तो उसने आवेश में आकर वहीं जहरीला पदार्थ निगल लिया।
ये भी पढ़ें- Dhurandhar Movie: पर्दे के साथ-साथ सिनेमा हॉल में भिड़े 'धुरंधर', फिल्म में इमोशनल सीन आते ही बिगड़ी बात, Video
अचानक युवक की हालत बिगड़ते देख मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। तत्काल एंबुलेंस बुलाकर युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही जमीन विवाद और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया है।