धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर दो करोड़ रुपये की मांग करने वाले फरार दंपती को धार पुलिस ने 862 किलोमीटर दूर लखनऊ से राउंडअप कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की दो टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लखनऊ से दोनों को हिरासत में लिया और देर रात थाने लाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपिका ठाकुर और कासिम खान के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों से प्रकरण को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। थाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद शनिवार दोपहर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह था मामला
दरअसल भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया था। आरोप है कि विधायक को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर दो करोड़ रुपये की मांग की गई। विधायक ने इस संबंध में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। कार्रवाई न होने से नाराज विधायक ने 14 जनवरी को धार में प्रेस परिषद आयोजित कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ।
ये भी पढ़ें: Indore News: राहुल गांधी के आते ही संकरी गलियों से छलका दर्द, आवाज लगा कर बोले लोग- न्याय दिलाओ
15 घंटे में दर्ज हुईं दो एफआईआर
पुलिस ने पहले प्रकरण में बबिता पति महेश पाटीदार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। शिकायत में बताया गया कि आरोपी महिला दीपिका ठाकुर मदद मांगने के बहाने ग्राम सिरसोदिया स्थित होटल पर आई थी, इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से विधायक से पैसों की मांग की जा रही थी।
इसके कुछ ही घंटों बाद आरोपी महिला के परिजन थाने पहुंचे। दूसरी एफआईआर में दीपिका की बहन ललिता ने बताया कि कासिम खान से शादी के बाद दीपिका घर आई और पैसों की मांग को लेकर हंगामा किया। परिजनों ने एक लाख रुपये उधार लेकर दिए, इसके बावजूद मारपीट की गई। धामनोद और धरमपुरी थानों में 15 घंटे के भीतर दो प्रकरण दर्ज किए गए थे।
लखनऊ में पुलिस टीम को देखकर दंपती ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस की सतर्कता से दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। अब धामनोद के बाद धरमपुरी थाना पुलिस भी आरोपियों की गिरफ्तारी दिखाकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
वीडियो से आया नया मोड़
इधर ब्लैकमेलिंग के आरोपों के बीच आरोपी महिला दीपिका का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। वीडियो में दीपिका ने दावा किया कि न तो उसने और न ही उसके पति ने कोई फिरौती मांगी। वह किसी निजी समस्या के समाधान के लिए विधायक से मिलने भोपाल गई थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस के सामने जो माफीनामा लिखवाया गया, वह दबाव में लिखवाया गया था।
इधर एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह ने बताया कि 14 जनवरी को प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी महिला और उसका साथी फरार थे। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और संबंधित थानों द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।