दतिया में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के बाद यादव और गुर्जर समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आज दोपहर दोनों समाजों के सैकड़ों लोग अन्य समाजों के प्रतिनिधियों के साथ एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए। सिविल लाइन रोड स्थित नंबर एक स्कूल परिसर से शुरू हुई रैली बैनर, डीजे और नारेबाजी के साथ कोतवाली तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर विरोध जताया और पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
आक्रोश की वजह एक सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड किया गया वीडियो बताया जा रहा है। आरोप है कि वीडियो में युवक ने खुद को राहुल वैध बताते हुए यादव और गुर्जर समाज के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। वीडियो सामने आने के बाद से ही दोनों समाजों में रोष का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- Bhopal Metro: भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट की लागत बढ़ी, प्रति किलोमीटर 100 करोड़ से ज्यादा की बढ़ोतरी
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि संबंधित युवक के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया है। समाज के लोगों ने पुलिस से मांग की कि ऐसे व्यक्ति पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के वीडियो और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं पर रोक लग सके। रैली के दौरान कोतवाली परिसर में जोरदार नारेबाजी की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी, जमानत निरस्त कराने और नए आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग रखी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ज्ञापन मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।