शहर के झिरका बाग इलाके में बुधवार देर रात मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने श्मशान घाट पहुंचकर जलती चिता से छेड़छाड़ की, राख से स्नान किया और मृतक की खोपड़ी व अस्थियां अपने घर ले गया। सुबह अस्थि संचय के दौरान मामला उजागर होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार झिरका बाग निवासी मूलचंद्र कुशवाहा (70) का बुधवार शाम निधन हो गया था। परिजनों ने परंपरा के अनुसार श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार के बाद जब सभी लोग घर लौट गए तो रात करीब 11 बजे मोहल्ले का ही बल्ली कुशवाहा (40), पुत्र तुलसी कुशवाहा, श्मशान घाट पहुंचा। प्रत्यक्ष तथ्यों के मुताबिक आरोपी ने जलती चिता की लकड़ियों को इधर-उधर फैलाया और चिता की राख को शरीर पर मलकर वहीं स्नान किया। इसके बाद वह मृतक की खोपड़ी और अस्थियों को एक पॉलीथिन में भरकर अपने घर ले गया। बताया जा रहा है कि वह पूरी रात अस्थियों को अपने कमरे में रखकर वहीं सोता रहा।
ये भी पढ़ें: विधायक फूल सिंह बरैया: अपने बयान पर नहीं मांगी माफी; दो साल की बच्चियों को लेकर फिर से कर दी विवादित टिप्पणी
गुरुवार सुबह जब परिजन अस्थि संचय के लिए श्मशान घाट पहुंचे तो चिता की राख बिखरी हुई मिली और खोपड़ी गायब थी। इस पर परिजनों और समाज के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। शक होने पर बल्ली कुशवाहा के घर पहुंचे, जहां वह राख से लिपटा मिला। पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना स्वीकार कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही कुशवाहा समाज में भारी आक्रोश फैल गया। समाज के बुजुर्गों ने तत्काल पंचायत बुलाकर आरोपी के कृत्य को सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया। पंचायत में पंचनामा तैयार कर बल्ली कुशवाहा और उसके पूरे परिवार को समाज से बेदखल करने का निर्णय लिया गया। साथ ही हुक्का-पानी बंद करने का ऐलान किया गया। पंचायत के निर्णय के अनुसार यदि समाज का कोई भी व्यक्ति आरोपी या उसके परिवार से किसी प्रकार का संबंध रखता है या उन्हें अपने यहां बुलाता है तो उस पर 5,100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इस पंचनामा पर लालाराम, ज्वाला, अतर सिंह, रतन, राजू, प्रकाश, रामकिशुन और भज्जू सहित समाज के कई वरिष्ठ लोगों ने हस्ताक्षर किए।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी बल्ली कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।