दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम रैवझा में शनिवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत एक युवक अचानक 25 फीट गहरे कुएं में कूद गया। पलभर में गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पर तैनात भगवान दास दाहिया और आरक्षक देवेंद्र अठ्या बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। हालात बेहद नाजुक थे—कुएं के भीतर युवक की जान खतरे में थी।
ये भी पढ़ें- क्या खेत में उगा 'काला सोना' है मुनाफे की गारंटी? पोषण से भरपूर है ये खास टमाटर; जानें कीमत
जान की बाज़ी लगाकर किया गया रेस्क्यू
पुलिस और ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए कुएं में रस्सी के सहारे खाट बांधकर नीचे उतारी। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को खाट पर लिटाया गया और फिर रस्सियों की मदद से धीरे-धीरे बाहर निकाला गया। हर पल सांसें थमाने वाला था, लेकिन अंततः युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम अभिषेक पिता संतोष पटेल (उम्र 20 वर्ष) बताया। उसे तत्काल हटा थाना लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अगर कुछ मिनट की भी देरी होती, तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। पुलिस की तत्परता और ग्रामीणों की समझदारी से एक युवक की जान बच गई।