फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: प्रेमिका ने किया इस बात से इंकार तो हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया प्रेमी, घंटेभर चला ड्रामा

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह Updated Fri, 29 Aug 2025 04:38 PM IST

दमोह जिले की एक युवती से राजस्थान के युवक को प्रेम हो गया और वह उससे मिलने शुक्रवार को दमोह पहुंच गया, लेकिन प्रेमिका मिलने नहीं आई तो वह हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और अपने प्रेम का इजहार करने लगा। पुलिस को सूचना लगी तो उसे समझाकर नीचे उतारा, लेकिन करीब एक घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा।

यह घटनाक्रम दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र में आने वाले हलगज गांव के पास हुआ। जब राजस्थान के दौसा का रहने वाला 25 वर्षीय युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर की तो हिंडोरिया टीआई धर्मेंद्र गुर्जर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पटेरा थाना क्षेत्र की एक युवती ने भी पुलिस से संपर्क किया और युवक के बारे में जानकारी दी। धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि युवक दिलखुश योगी राजस्थान के दोसा का रहने वाला है। इंस्टाग्राम पर उसने दमोह की युवती से दोस्ती की थी। दोनों की दोस्ती प्रेम में बदल गई और युवक शुक्रवार को उससे मिलने के लिए दमोह आ गया। युवक ने युवती को बांदकपुर बुलाया था। यहां पर युवक ट्रेन से पहुंचा था, लेकिन युवती ने आने से मना कर दिया तो गुस्साए प्रेमी ने उसे धमकी दी कि वह आत्महत्या कर लेगा और उसके बाद वह वहां से हलगज गांव की ओर निकल गया। रास्ते में एक हाईटेंशन लाइन का टावर मिला जिस पर वह चढ़ गया। वहां से उसने युवती को फोन पर जानकारी दी कि वह टावर पर चढ़ा है।

ये भी पढ़ें- प्रेमिका ने बात नहीं की तो नाराज युवक चढ़ा हाई टेंशनलाइन टॉवर, पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उतरवाया

इधर ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और उधर युवती ने भी पुलिस को जानकारी दे दी। पुलिस ने युवक को समझाकर टावर से उतारकर उसे अपनी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर उसे समझाइश दी जा रही है। टीआई गुर्जर का कहना है पहले युवक को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि वह मान जाता है तो उसके परिजनों से संपर्क उसे सौंप दिया जाएगा और यदि वह नहीं मानता है तो नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

जा सकती थी जान
युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर करीब 50 फीट की ऊंचाई पर चढ़ा था और कुछ ही ऊंचाई से हजारों केवी का करंट दौड़ रहा था। यदि युवक थोड़ा और ऊपर चला जाता तो हो सकता है उसे करंट ऊपर खींच लेता, जिससे उसकी जान भी जा सकती थी। यदि पैर फिसल जाता तो नीचे गिरने से भी उसकी मौत हो सकती थी। समय पर पुलिस ने उसे समझा लिया और नीचे उतार लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें