दमोह जिले के हटा ब्लॉक में शासकीय सिविल अस्पताल के सामने मंगलवार सुबह 11 बजे एक तेंदुए ने घर में घुसकर रेस्टोरेंट संचालक पर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद तेंदुआ घर की छत पर चला गया। तत्काल ही परिजनों ने वन विभाग को सूचना दी और घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
ये भी पढ़ें- कंबल में लिपटा मिला खून से सना शव, पत्थर पटककर हत्या की आशंका, संदिग्ध लोगों को पुलिस ने उठाया
जानकारी मिलने के बाद वन अमले के साथ ही पुलिस बल घटनास्थल पहुंच गया है और तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व से टीम भी बुलाई गई है। घायल का सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। घायल शरद पिता कन्हैया अग्रवाल (42) ने बताया कि सिविल अस्पताल के सामने उनका रेस्टोरेंट संचालित होता है। मंगलवार सुबह जब वह अपने रेस्टोरेंट पर बैठे थे इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। वह अपनी जान बचाकर भागे तो तेंदुआ छत की ओर चला गया। चीख-पुकार मचते ही परिजन पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की जानकारी लगाते ही हटा रेंजर ऋषि तिवारी वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सूचना मिलने के बाद हटा पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा है। इस नजारे को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोगों के भीड़ उमर पड़ी है, जिससे हटा दमोह मार्ग पर जाम के हालात भी बने हुए हैं। पुलिस द्वारा लगातार अनाउंस कर कर लोगों से हटने की अपील की जा रही है, लेकिन हुजूम लगा हुआ है।
हटा रेंजर ऋषि तिवारी ने बताया कि हमला करने वाला जानवर तेंदुआ ही है, क्योंकि 6 फीट ऊंची दीवार केवल तेंदुआ ही लांघ सकता है। घायल का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिसका पूरा खर्चा वन विभाग द्वारा उठाया जाएगा। इसके अलावा तेंदुए को पकड़ने के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व को भी सूचित कर दिया गया है। वहां से टीम रवाना हो चुकी है जल्द ही तेंदुए का रेस्क्यू किया जाएगा। अभी ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए की खोज की जा रही है।