दमोह शहर के पुलिस लाइन क्षेत्र में बने 40 फीट गहरे कुएं में शनिवार दोपहर एक प्रधान आरक्षक का 19 वर्षीय बेटा गिर गया। युवक के दोस्तों ने परिवार और वार्ड वासियों को खबर की तो सभी लोग कुएं तक पहुंचे। लेकिन जब तक युवक डूब चुका था। करीब चार से पांच गोताखोरों ने काफी देर तक युवक को खोजने के लिए कुएं में डुबकी लगाई। लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया। अब डीजल पंप लगाकर कुएं के पानी को खाली करना शुरू किया है।
कुएं में डूबे युवक रूपेश ठाकुर पिता तुलसीराम ठाकुर के साथ होली खेलने वाले कार्तिक ने बताया कि हम सभी होली खेल कर आए थे। रूपेश कुएं पर बैठ गया और उसका संतुलन बिगड़ा और कुएं में गिर गया। रूपेश के भाई सुशील ठाकुर ने बताया कि मेरा भाई कुएं पर बैठा था। मैं मोबाइल लेने घर तक गया, तभी मुझे बताया कि मेरा भाई कुएं में गिर गया। जब हम कुएं पर पहुंचे तो भाई डूब चुका था। रूपेश के एक और साथी ने बताया कि हम सभी होली खेल कर लौट रहे थे, तभी रूपेश ने कहा कि हम फायर ब्रिगेड में बैठकर कोतवाली जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: शौच के लिए जंगल गई किशोरी का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला, मौके पर पहुंची पुलिस
मैंने उससे कहा कि वापस पैदल आना पड़ेगा, चलो घर चलते हैं। दोनों वापस आ गए फिर उसने कहा कि वह कुएं पर नहाएगा। मैंने उससे कहा कि कुएं के पानी में नहाने से खुजली होती है, इसलिए घर पर नहा ले, लेकिन उसने कहा कि मेरे घर में दो दिन से पानी नहीं आ रहा मैं कुएं पर ही नहाऊंगा। इसी बीच हम अपनी साइकिल उठाने चले गए। लौटकर देखा तो रूपेश कुएं में गिर गया था। कुछ देर बाद वह डूब गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली आनंद राज मौके पर पहुंच गए और बाकी पुलिस स्टॉफ के साथ गोताखोरों ने कुएं में डुबकी लगाकर युवक को खोजा लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। अब डीजल पंप से पानी को कुएं से बाहर निकाल कर शव को खोजने का काम शुरू किया गया है। मृतक के पिता तुलसीराम वर्तमान में मडियादो थाना में प्रधान आरक्षक के रूप में पदस्थ है।
यह भी पढ़ें: झाड़ियो में लगी आग को बस्ती में पहुंचने से पहले पुलिस ने बुझवाया, बड़ा घटना टली, यह बोले लोग