दमोह जिले की जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा की ग्राम पंचायत धनगौर में महिलाओं ने शराबबंदी के खिलाफ अनोखी मुहिम चलाते हुए बिगुल फूंक दिया है। बैठक आयोजित कर यह फैसला लिया गया है कि गांव में कोई भी शराब पिएगा तो उस पर जुर्माना लगेगा। साथ ही शराब बेचने वालों की सूचना देने वाले को नगद इनाम दिया जाएगा और उसका नाम गुप्त रखा जाएगा।
बता दें कि जिले भर में शराबबंदी को लेकर ग्रामीण इस तरह के फैसले ले रहे हैं और अब इसमें महिलाएं भी बढ़-चढ़कर शामिल हो गई हैं। उनकी यह अनोखी मुहिम देखकर पुरुष भी हैरान हैं।
जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक के धनगौर गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू करने के लिए बुधवार को महिलाओं ने गांव की खेर माता मंदिर में बैठक की। इसके बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जो भी गांव में शराब बेचेगा उस पर 11,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। वहीं, जो शराब पीकर गाली-गलौज करेगा और गांव का माहौल खराब करेगा उस पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगेगा। इतना ही नहीं, चोरी-छुपे शराब बेचने वालों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा और उसका नाम गुप्त रखा जाएगा।
महिलाओं द्वारा लिए गए इस निर्णय का ग्राम पंचायत ने पूर्ण समर्थन किया और ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, नशा विरोधी अभियान चला रहे भगवती मानव कल्याण संगठन ने भी महिलाओं के इस अभियान का पूर्ण समर्थन किया। महिलाओं के साथ संगठन के सदस्यों ने पूरे गांव का भ्रमण करते हुए शराब बेचने वालों को सख्त चेतावनी दी कि अब गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू हो गई है। इसलिए न तो कोई शराब बेचेगा और न ही कोई शराब पीकर उत्पात मचाएगा। अगर किसी ने शराब बेचकर या पीकर गांव का माहौल खराब किया और महिलाओं द्वारा लिए गए निर्णयों का पालन नहीं किया, तो उस पर आर्थिक जुर्माने के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक बहिष्कार भी किया जाएगा।