दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के पड़री गांव के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 25 से अधिक महिला-पुरुष घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सड़क तक लाया गया और 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम आरएल बागरी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौक समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
घायल थाना तारादेही के कोटखेरा गांव के निवासी हैं, जो शनिवार रात कुम्हारी थाना क्षेत्र के कुसमी गांव में एक चौक समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार सुबह लौटते समय दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में पड़री के पास उनका पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
रेस्क्यू और घायलों का उपचार
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और हंड्रेड डायल वाहन मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। कलेक्टर सुधीर कोचर ने तत्काल सभी डॉक्टरों को उचित इलाज के निर्देश दिए।
घायलों की सूची
सोमवती (50), अनिकेत (18), सीताबाई (50), लोचन (22), जयरानी (45), अभय (27), राधा (35), शुभम (19), सुशीला (40), पूजा (30), चंदा (30), मूंगा बाई (60), सेवका (40), सीमा (30), मौना (19), उमा रानी (50), ममता, सौरभ, हन्ना, माया बाई, रोशनी (40), गिरजा बाई, सपना, संजय। अन्य घायलों की भी पहचान की जा रही है। सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।