फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: कटनी मार्ग पर डीजल से भरा टैंकर पलटा, तेल लूटने लगी भीड़; कोई बाल्टी लेकर पहुंचा तो कोई डिब्बा

Thu, 30 Jul 2026 05:25 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह-कटनी मार्ग पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के बमनी गांव के पास गुरुवार सुबह डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग टैंकर से बह रहे डीजल को भरने की कोशिश करने लगे। इस दौरान कई लोगों ने घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए, जो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती गई और डीजल लेने की होड़ मच गई। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने टैंकर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाते हुए लोगों को वहां से दूर किया और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया।

ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने भोजशाला से सटे परिसर में शुक्रवार की नमाज की दी अनुमति, सरकार को दिए ये आदेश
सागर से ब्यौहारी जा रहा था टैंकर
कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया कि डीजल से भरा टैंकर सागर जिले से शहडोल जिले के ब्यौहारी जा रहा था। बमनी गांव के पास मोड़ पर अचानक टैंकर का स्टीयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क से उतरकर खाई में पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

क्रेन से टैंकर निकालने की तैयारी
पुलिस के अनुसार, टैंकर में बड़ी मात्रा में डीजल भरा होने के कारण उसे सीधे खड़ा करना संभव नहीं है। इसके लिए दमोह से क्रेन बुलवाई गई है। क्रेन की मदद से टैंकर को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी। तब तक एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात रखा गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डीजल भरते हुए और टैंकर के आसपास जुटी भीड़ के कई वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग बर्तनों में डीजल भरते नजर आ रहे हैं। पुलिस लोगों से दुर्घटनास्थल से दूर रहने और अफवाहों से बचने की अपील कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें