फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यारमा नदी में आया उफान: पुल से दो फीट ऊपर बह रहा पानी; तारादेही-महाराजपुर मार्ग बंद, दोनों ओर फंसे वाहन

Sun, 09 Aug 2026 11:01 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं तेंदूखेड़ा ब्लॉक में बारिश के बाद हालात बिगड़ने लगे। लगातार बारिश के चलते व्यारमा नदी उफान पर आ गई। शनिवार शाम करीब छह बजे तारादेही-महाराजपुर मार्ग पर बने व्यारमा नदी के पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बहने लगा। पानी बढ़ने के साथ ही मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया और पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुल पर पानी आने की सूचना मिलते ही तारादेही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों को पुल पार नहीं करने की समझाइश दी और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी। पुल के ऊपर तेज बहाव होने के कारण वाहनों और राहगीरों को रोक दिया गया।

ये भी पढ़ें- ग्वालियर में बहनों की दिलेरी, मोबाइल लूटकर भागे बदमाश को स्कूटी से पीछा कर दबोचा

दो दर्जन से अधिक गांवों के संपर्क पर असर
व्यारमा नदी पर बना यह पुल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। तारादेही-महाराजपुर मार्ग से देवरी, महाराजपुर समेत आसपास के करीब दो दर्जन गांव जुड़े हुए हैं। पुल के डूबने से इन गांवों से आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई। मार्ग के दोनों ओर वाहन फंसने से यातायात प्रभावित रहा। बारिश के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता रहा। ऐसे में स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई। पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि पानी का बहाव कम होने तक पुल पार करने का प्रयास न करें।

सारसबगली में भी जलभराव, धुबा नाला उफान पर
लगातार बारिश का असर तेंदूखेड़ा ब्लॉक के सारसबगली गांव में भी दिखाई दिया। गांव से बाहर आने-जाने वाले रास्तों पर पानी भर जाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण दशरथ यादव के मुताबिक, रास्तों पर पानी भरने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं सारसबगली क्षेत्र का धुबा नाला भी उफान पर है। ग्रामीणों के अनुसार नाले के ऊपर करीब चार से पांच फीट पानी बह रहा है, जिससे यहां भी आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

रातभर बारिश हुई तो बढ़ सकती है परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रातभर इसी तरह तेज बारिश जारी रहती है तो क्षेत्र में जलस्तर और बढ़ सकता है। इससे नदी-नालों के आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका बढ़ सकती है। फिलहाल व्यारमा नदी के पुल पर पानी का तेज बहाव होने के कारण मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। पुलिस मौके पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी तथा जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें