दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के सिग्रामपुर चौकी अंतर्गत सिंगपुर गांव में अवैध पटाखा फैक्टरी का संचालन हो रहा था। मंगलवार दोपहर पुलिस ने इस फैक्टरी पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे, बारूद, और पटाखे बनाने की सामग्री जब्त की। इस मामले में आरोपी राजेश करेरे को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में दमोह में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में सात लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रशासन ने जिले के सभी आतिशबाजी लाइसेंस निलंबित कर दिए थे। दीपावली नजदीक होने के बावजूद अब तक कोई अस्थायी लाइसेंस जारी नहीं किया गया है, जिससे कई लोग अवैध रूप से पटाखे बना और भंडारण कर रहे हैं। सिंगपुर गांव में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर छापा मारा गया, जिसमें करीब 50 हजार रुपये के तैयार पटाखे, विस्फोटक सामग्री, अधबने पटाखे, और सुतली बम बनाने की सामग्री बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, दीपावली के अवसर पर इन पटाखों की आपूर्ति की योजना थी। सिग्रामपुर चौकी प्रभारी आलोक तिरपुढे ने बताया कि जबेरा तहसीलदार विवेक व्यास की मौजूदगी में छापा मारा गया और आरोपी पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
और भी जगह बन रहे हैं पटाखे
जिला प्रशासन ने नया लाइसेंस जारी नहीं किया है। दीपावली करीब है। ऐसे में कई लोगों ने अवैध तरीके से पटाखा निर्माण शुरू कर दिया है। उन्हें डर है कि दिवाली पर यदि पड़ोसी जिलों से पटाखों की आवक होगी तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। दबी जुबान कुछ पटाखा व्यवसायी भी लाइसेंस जारी करने को लेकर प्रशासन की कार्यवाही पर सवाल उठा रहे हैं।