कोतवाली पुलिस ने एक कार से 60 किलो गांजा बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हाइटेक तरीके से गांजा कार में छिपाकर लाए थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा है। रविवार दोपहर एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने मामले की जानकारी देते हुए खुलासा किया। गांजे की कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी सोमवंशी ने बताया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली आरोपी जटाशंकर कॉलोनी में एक कार में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर लाए हैं। कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात घेराबंदी कर गांजा सहित 4 आरोपी पकड़े। आरोपियों में छोटू उर्फ स्वप्निल जैन, दीपू उर्फ संदीप जैन, छुट्टन उर्फ छत्रपाल पटेल और गुड्डा लोधी शामिल हैं। आरोपी कार के अंदर सीट के नीचे और पैकेट बनाकर गांजा लाए थे, उनके पास से 10 लाख कीमत का गांजा पकड़ा है। साथ ही जिस वाहन से गांजे की सप्लाई हो रही थी, उसे भी जब्त कर लिया। एसपी ने कहा कि दमोह में लगातार इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस लगातार गांजा और अवैध मादक पदार्थों को पकड़ रही है, लेकिन हमारे युवा जिस तरह से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं, वह हमारे लिए चिंता का विषय है।
कार की सीट और डिग्गी में छुपाकर रखा था गांजा
एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि गांजा कार की डिग्गी और सीट के नीचे रखा था। गांजे की पैकिंग और तरीका देखकर लग रहा है कि यह उड़ीसा से आया होगा। इन आरोपियों के तार कहां से जुड़े हुए हैं। उड़ीसा में इनका कोई वेंडर है या किसी अन्य माध्यम से गांजा आया है। दमोह में कहां-कहां सप्लाई होता है, उसकी भी हम जांच कर रहे हैं। एसपी ने यह भी कहा कि इन आरोपियों का हम रिकॉर्ड भी देख रहे हैं यदि यह पूर्व से आरोपी हैं या इनका रिकॉर्ड कहीं और दर्ज है तो उसकी सूचना हम अन्य राज्यों को भी देंगे, ताकि वहां पर यदि उनके तार जुड़े हुए हों तो वहां पर भी इन पर प्रकरण दर्ज किया जाए।